रामगढ़, झारखंड : भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षा बंधन को लेकर डाक विभाग ने विशेष पहल की है। जिले के सभी डाकघरों में राखी स्पेशल लिफाफा महज 10 रुपये में उपलब्ध कराया गया है। इस विशेष लिफाफे के जरिए बहनें अपने भाइयों को राखी सुरक्षित तरीके से डाक के माध्यम से भेज सकती हैं।
मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय और प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर मो. जसीम खान ने बताया कि रक्षा बंधन के अवसर को देखते हुए डाक विभाग की ओर से विशेष लिफाफे की व्यवस्था की गई है। लिफाफा आकर्षक होने के साथ-साथ वाटरप्रूफ है, जिससे राखी को सुरक्षित भेजने में सुविधा होगी।
प्रधान डाकघर में दो काउंटर पर हो रही बुकिंग
प्रधान डाकघर में राखी की बुकिंग के लिए दो विशेष काउंटर बनाए गए हैं। यहां डाक सहायक ब्रह्मदेव कुमार और आदर्श अनिकेत राखी की बुकिंग कर रहे हैं।
रक्षा बंधन को देखते हुए प्रधान डाकघर में डाक सामग्री की बुकिंग का समय भी बढ़ाया गया है। रात 8 बजे तक डाक सहायक संतोष कुमार द्वारा राखी सहित अन्य डाक सामग्री की बुकिंग की जा रही है।
डाक विभाग की इस पहल से बहनों में भी उत्साह है। बहनों का कहना है कि इस बार वे डाक विभाग के विशेष लिफाफे के माध्यम से अपने भाइयों को राखी भेजेंगी, जिसमें उनके प्रेम और स्नेह का भाव जुड़ा रहेगा।
मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने जिले की बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने नजदीकी डाकघर से राखी भेजने की सुविधा का लाभ उठाएं और रक्षा बंधन के मौके पर भाइयों तक राखी के साथ अपना प्यार और शुभकामनाएं पहुंचाएं।