रामगढ़ कॉलेज में रक्तदान शिविर, शिक्षकों-कर्मचारियों समेत लोगों ने किया 21 यूनिट रक्तदान

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से रामगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी और रामगढ़ महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान करीब 21 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन में रामगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अनूप सिंह, सचिव इंदर पाल सिंह सैनी, उपाध्यक्ष महावीर अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्यों दीपक सिन्हा, विनय सिंह और राहुल जैन पटानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रामगढ़ महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य प्रो. (डॉ.) बी.के. मिश्रा के नेतृत्व में डॉ. कामना रॉय, डॉ. रामाज्ञा सिंह, डॉ. अनामिका, दामोदर महतो, सुंदर लाल, सुरेश महतो, बीरेंद्र उरांव, सरयू महतो, योगेंद्र राम सहित शिक्षण एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।

सदर अस्पताल की टीम ने संभाली चिकित्सकीय व्यवस्था

रक्तदान शिविर में सदर अस्पताल, रामगढ़ की ओर से डॉ. आर.के. उपाध्याय, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ निशत और डॉ. बी.ओ.पी. सिन्हा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। रक्तदान से पहले आवश्यक चिकित्सकीय जांच और प्रक्रिया को उनकी देखरेख में पूरा कराया गया।

‘रक्तदान महादान’, दूसरों की जिंदगी बचाने की अपील

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा समय-समय पर किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान को लेकर जागरूक होने और अपनी क्षमता के अनुसार इस सामाजिक अभियान में भाग लेने की अपील की।

शिविर के सफल आयोजन के बाद रामगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी और रामगढ़ महाविद्यालय ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।