शहर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, लेकिन फुटपाथ पर JCB का कब्जा बरकरार! जिम्मेदारों की नजर से क्यों बच रहे भारी वाहन ?

Spread the love
सड़क पर रखे जेसीबी के बकेट

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर और आसपास के इलाकों में इन दिनों अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का असर सड़क पर साफ दिखाई देने लगा है। बिजुलिया, प्रखंड कार्यालय के सामने, टायर मोड़, नयीसराय और रांची रोड सहित कई इलाकों में लगातार अभियान चलाए जाने से जाम की समस्या में कुछ हद तक सुधार हुआ है। लेकिन इसी बीच शहर में फुटपाथ पर भारी वाहनों और JCB की मरम्मत का खेल प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।

शहर के कई हिस्सों में फुटपाथ आम लोगों के चलने के बजाय गैराज और भारी वाहनों की पार्किंग की जगह बन चुके हैं। सबसे गंभीर स्थिति पुराने शांति सिनेमा के समीप और गोलपार मस्जिद जाने वाली सड़क के सामने नजर आती है, जहां एक गैराज संचालक द्वारा कथित तौर पर लंबे समय से फुटपाथ का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

फुटपाथ पर खड़ी रहती हैं JCB और भारी मशीनें

स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित गैराज में JCB और अन्य भारी वाहनों की मरम्मत का काम होता है। मरम्मत के दौरान चार-पांच JCB और भारी वाहन फुटपाथ पर खड़े कर दिए जाते हैं। इतना ही नहीं, JCB के भारी बकेट और अन्य उपकरणों का कुछ हिस्सा सड़क की सीमा तक आ जाता है।

इससे पैदल राहगीरों के लिए फुटपाथ बंद हो जाता है और उन्हें मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि सड़क पर निकले भारी उपकरण कई बार हादसे का कारण बन चुके हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि वाहन JCB के बकेट से टकरा चुके हैं और दोपहिया वाहन चालकों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

अतिक्रमण हटाओ अभियान यहां क्यों नहीं पहुंचता ?

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक-दो दिन की समस्या नहीं है, बल्कि लंबे समय से फुटपाथ का इसी तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। शहर के दूसरे हिस्सों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चल रहा है, लेकिन इस स्थान पर फुटपाथ पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि यदि फुटपाथ आम जनता के लिए है, तो उस पर स्थायी या अस्थायी रूप से भारी वाहनों की मरम्मत और पार्किंग की अनुमति कैसे दी जा सकती है? स्थानीय नागरिकों के अनुसार, विरोध करने पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोग शिकायत करने से बचते हैं।

रांची रोड में भी कमोबेश यही तस्वीर

रांची रोड इलाके में भी JCB मरम्मत से जुड़े गैराजों के आसपास ऐसी ही स्थिति बताई जा रही है। एक निजी अस्पताल के आसपास भारी वाहनों और JCB के खड़े रहने से सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है। व्यस्त इलाके में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे खड़े रहने से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।

कार्रवाई का असर तभी, जब हर जगह समान नजर हो

रामगढ़ में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान से आम लोगों को राहत मिली है। लेकिन शहरवासियों का कहना है कि अभियान को केवल छोटे दुकानदारों या अस्थायी अतिक्रमण तक सीमित रखने के बजाय फुटपाथ घेरकर भारी वाहनों की मरम्मत और पार्किंग करने वालों पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने छावनी परिषद और प्रशासन से मांग की है कि पुराने शांति सिनेमा क्षेत्र, गोलपार मस्जिद मार्ग और रांची रोड सहित ऐसे सभी स्थानों का निरीक्षण कराया जाए, जहां फुटपाथ पर भारी वाहन खड़े किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि फुटपाथ खाली होने से पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और सड़क पर जाम व दुर्घटना का खतरा भी कम होगा।