देवघर, झारखंड :सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी पर देवघर का बाबा बैद्यनाथ धाम पूरी तरह शिवभक्ति में डूब गया। सुबह से ही बाबा मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरी बाबा नगरी गुंजायमान रही।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर के कपाट तड़के करीब 4:30 बजे खोले गए। इसके बाद विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू हुई और श्रद्धालुओं ने बाबा के ज्योतिर्लिंग पर जल, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पट खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में कांवरिये कतार में लग चुके थे। रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार नंदन पहाड़ की ओर तक पहुंच गई थी।
हर ओर गूंजता रहा बोल बम का जयघोष
अंतिम सोमवारी होने के कारण श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। कांवरिया पथ से लेकर मंदिर परिसर तक शिवभक्त कतारबद्ध होकर बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे। रास्ते में लगातार ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे सुनाई देते रहे। कई श्रद्धालु कांवर लेकर बाबा धाम पहुंचे और जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूरी की।
पिछली सोमवारी की तुलना में अधिक भीड़
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए। अधिकारियों और जवानों को महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। रूट लाइन में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के साथ ही मंदिर परिसर में प्रवेश और निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि अंतिम सोमवारी पर पिछली सोमवारी की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। प्रशासन की टीम विभिन्न स्थानों पर लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से जलार्पण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को रात से ही अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाने, भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने भी की पूजा-अर्चना
अंतिम सोमवारी के अवसर पर झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने भी बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कर जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अंतिम सोमवारी पर देर रात तक बड़ी संख्या में भक्तों के बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करने की संभावना है। प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि श्रद्धालु कतार व्यवस्था का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें।
अंतिम सोमवारी पर बाबा नगरी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के चेहरे पर थकान से ज्यादा बाबा के दर्शन और जलाभिषेक की खुशी दिखाई दे रही है।