भारोत्तोलन में मनमोहन सिंह ने झारखंड में हासिल किया दूसरा स्थान, रामगढ़ कैंट में खुशी की लहर

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  : रामगढ़ कैंट के बंगाली टोला वार्ड नंबर-5 निवासी युवा भारोत्तोलक मनमोहन सिंह ने अपनी शानदार प्रदर्शन से रामगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। धनबाद में आयोजित झारखंड शक्ति शिरोमणि प्रतियोगिता 2026 (कोयलांचल क्लासिक खेल महोत्सव) में उन्होंने 56 किलोग्राम वर्ग में कुल 390.5 किलोग्राम वजन उठाकर झारखंड में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

झारखंड भारोत्तोलन संघ से संबद्ध इस प्रतियोगिता में मनमोहन ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगातार अभ्यास का शानदार प्रदर्शन किया। सीमित संसाधनों और संघर्षों के बीच उन्होंने यह मुकाम हासिल कर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।

बेहतर प्रदर्शन के लिए जारी रहेगा प्रयास

अपनी उपलब्धि पर मनमोहन सिंह ने कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत के साथ-साथ उनके प्रशिक्षक, माता-पिता और सहयोगियों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए झारखंड में पहला स्थान हासिल करना है, ताकि अपने माता-पिता, राज्य और देश का नाम गौरवान्वित कर सकें।

मनमोहन ने अपनी सफलता के लिए प्रशिक्षक, परिवार और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी पूरी लगन के साथ प्रशिक्षण जारी रखेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मेहनत करेंगे।

क्षेत्रवासियों ने दी बधाई

मनमोहन सिंह की इस उपलब्धि से बंगाली टोला, काली मंदिर क्षेत्र और पूरे रामगढ़ कैंट में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने युवा भारोत्तोलक को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बंगाली टोला वार्ड नंबर-5 निवासी ऋषिकेश सिंह ने भी मनमोहन सिंह को झारखंड स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मनमोहन की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।