राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, उपायुक्त ने नीलाम पत्र वाद और आपदा प्रबंधन की भी की समीक्षा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, नीलाम पत्र वाद, परिशोधन पोर्टल सहित विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

राजस्व संग्रहण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन, परिवहन, विद्युत समेत विभिन्न विभागों से प्राप्त राजस्व लक्ष्य और अब तक की उपलब्धि की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए अगले एक महीने तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करें और राजस्व वसूली की गति बढ़ाएं।

लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारियों तथा सभी अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि राजस्व वसूली से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब न हो।

दाखिल-खारिज मामलों का समय पर करें निष्पादन

दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सेवा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी लंबित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए। साथ ही सभी अंचलों में न्यायालय से संबंधित मामलों की कॉज लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में मैनेजर आईटी वेदांत कुमार ने अंचलवार विभिन्न राजस्व कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की।

परिशोधन पोर्टल के लंबित आवेदनों पर भी सख्ती

परिशोधन पोर्टल के माध्यम से आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही भूमि संबंधी सेवाओं और दस्तावेजों में सुधार से जुड़े आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों को समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक के दौरान उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली। उन्होंने संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्व तैयारी रखने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहें।