रामगढ़ कैंट, झारखंड :रामगढ़ पुलिस ने आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन भरोसा” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, पिछले दो माह में इस अभियान के तहत कुल 184 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को गुम हुए मोबाइल से संबंधित सनहा तथा CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में रामगढ़ जिले के साथ-साथ जिले के बाहर रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा समेत अन्य जिलों से 59 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन को जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। थाना एवं ओपीवार बरामदगी में रामगढ़ थाना से 9, रजरप्पा थाना से 8, पतरातू थाना से 6, मांडू थाना से 5, गोला थाना से 3, भुरकुंडा ओपी से 8, बरकाकाना ओपी से 1, बरसा थाना से 2, बरगांव थाना से 2, कुजू ओपी से 10 और वेस्ट बोकारो ओपी से 5 मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन भरोसा के प्रथम चरण में 125 और द्वितीय चरण में 59, यानी अब तक कुल 184 गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी। साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया गया।
रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में संबंधित थाना में सनहा दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए “ऑपरेशन भरोसा” जैसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।