रामगढ़ कैंट, झारखंड : आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट में आयोजित दो दिवसीय अंतर-विद्यालयी बास्केटबॉल लीग टूर्नामेंट का समापन सोमवार, 25 अगस्त 2026 को उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। फाइनल मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट और आर्मी पब्लिक स्कूल, बैंगडुबी की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में रामगढ़ कैंट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि बैंगडुबी की टीम 19 अंक ही बना सकी।
प्रतियोगिता के पहले दिन रामगढ़ कैंट और आर्मी पब्लिक स्कूल, गया के बीच हुए मुकाबले में रामगढ़ कैंट ने 20-11 से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में बैंगडुबी ने 21 अंक हासिल कर दानापुर को 4 अंकों से पराजित किया।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों में जीत का उत्साह और जोश देखने को मिला। पहले मुकाबले में रामगढ़ कैंट ने 12 अंक बनाकर दानापुर को 6 अंकों पर रोकते हुए जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में बैंगडुबी ने 32 अंक हासिल किए, जबकि गया की टीम 26 अंक ही बना सकी।
लीग मैचों में शानदार प्रदर्शन के आधार पर आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब जीता। आर्मी पब्लिक स्कूल, बैंगडुबी दूसरे, आर्मी पब्लिक स्कूल, दानापुर तीसरे तथा आर्मी पब्लिक स्कूल, गया चौथे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट की अनुराधा को उत्कृष्ट खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर द्विविजय सिंह (सेना मेडल) तथा विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मलेंदु एस.ओ. (एजुकेशन ऑफिसर) और विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता का समापन उत्साह, खेल भावना और आपसी सौहार्द के वातावरण में हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया।