कुजू के व्हाइट पैलेस में केसरवानी वैश्य सभा का भव्य सावन महोत्सव, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

Spread the love

महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित

कुजू (रामगढ), झारखंड : रामगढ़ जिला केसरवानी वैश्य सभा के तत्वावधान में कुजू स्थित व्हाइट पैलेस में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव में पारिवारिक मिलन, मनोरंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक एकता का खूबसूरत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ओमप्रकाश केशरी ने की, जबकि मंच संचालन रविप्रकाश केशरी ने किया। समारोह का शुभारंभ झारखंड प्रदेश केसरवानी वैश्य सभा के उपाध्यक्ष विकास केशरी तथा रामगढ़ जिला की वर्तमान और पूर्व कमिटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महर्षि कश्यप की स्मृति में पुष्पांजलि अर्पित की गई।

अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर किया गया स्वागत

कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश केसरवानी वैश्य सभा के उपाध्यक्ष विकास केशरी के साथ पहुंचे शैलेन्द्र केशरी, सचिव, हजारीबाग केसरवानी वैश्य सभा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

सावन महोत्सव में समाज के विभिन्न परिवारों की सक्रिय भागीदारी रही। महिलाओं और बच्चों के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें म्यूजिकल चेयर, चम्मच दौड़, बॉल पासिंग सहित विभिन्न खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल रहीं।

आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति पर झूमे लोग

महोत्सव में लोकल आर्केस्ट्रा ग्रुप की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम में मौजूद लोग जमकर झूमे और पूरे आयोजन का आनंद लिया।

अपने संबोधन में विकास केशरी ने सावन महोत्सव को आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और उत्साह का प्रतीक बताया। उन्होंने समाज के लोगों को इसी तरह एकजुट होकर सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

महिला और युवा शक्ति की भागीदारी पर जोर

पूर्व जिला अध्यक्ष किशोरी लाल केशरी और पूर्व जिला महामंत्री उमेश केशरी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने महिला शक्ति और युवा वर्ग को सामाजिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज के विकास में योगदान देने की बात कही।

वर्तमान जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी और महामंत्री संतोष केशरी ने महिला संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने के भीतर रामगढ़ जिला में महिला संगठन का चुनाव कराने की दिशा में पहल की जाएगी।

स्वादिष्ट व्यंजनों का भी उठाया लुत्फ

महोत्सव में शामिल लोगों के लिए नाश्ता और स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई थी। समाज के लोगों ने पारिवारिक माहौल में भोजन का आनंद लेने के साथ पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

प्रतियोगिताओं के समापन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो और सम्मान देकर पुरस्कृत किया गया। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य समाज के परिवारों को एक मंच पर लाना और आपसी मेल-जोल को मजबूत करना था।

इनकी रही प्रमुख भूमिका

आयोजन को सफल बनाने में अमित केशरी, संतोष केशरी, पिंटू केशरी, चंदन केशरी, रघुनंदन केशरी और पंकज केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में जिला के पूर्व संरक्षक अर्जुन केशरी, संरक्षक दशरथ प्रसाद केशरी, कोलेश्वर केशरी, प्रदीप केशरी, बिनोद केशरी, प्रो. सुधीर केशरी, अनिल केशरी, रवि केशरी, मिंटू केशरी, तपेश्वर केशरी, संजय केशरी, कमलेश केशरी, मनोज केशरी, दीपक केशरी, अमर केशरी, सुनील केशरी, मिथलेश केशरी, मृत्युंजय केशरी, मदन केशरी, गणेश केशरी और सुरेश केशरी सहित सैकड़ों महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि सावन महोत्सव ने समाज के परिवारों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने का काम किया।