अयोध्या (उत्तर प्रदेश) : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक संचालन को और व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इसके साथ ही ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को भी शामिल किया गया है। इनमें मदन मोहन पांडेय, महेश भागचन्दका और निर्मला यादव के नाम शामिल हैं।
रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र भारतीय वायुसेना में लंबा और महत्वपूर्ण अनुभव रखने वाले अधिकारी रहे हैं। वह पूर्व फाइटर पायलट हैं और करीब 39 वर्षों से अधिक समय तक भारतीय वायुसेना में सेवाएं दे चुके हैं। सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
पश्चिमी वायु कमान का भी कर चुके हैं नेतृत्व
जितेंद्र मिश्र ने जनवरी 2025 में पश्चिमी वायु कमान की जिम्मेदारी संभाली थी। यह भारतीय वायुसेना की प्रमुख ऑपरेशनल कमानों में से एक मानी जाती है। उनके कार्यकाल में इस कमान की भूमिका देश की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण अभियानों में रही।
इसी दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय भी पश्चिमी वायु कमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही और जितेंद्र मिश्र इस कमान का नेतृत्व कर रहे थे। यही वजह है कि राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के रूप में उनकी नियुक्ति को लेकर विशेष चर्चा हो रही है।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्य भी शामिल
CEO की नियुक्ति के साथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ढांचे में तीन नए सदस्यों को भी जोड़ा गया है। इनमें मदन मोहन पांडेय, महेश भागचन्दका और निर्मला यादव शामिल हैं।
जितेंद्र मिश्र की सैन्य पृष्ठभूमि और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज, सुरक्षा से जुड़े समन्वय और विभिन्न व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।