एमआईसीयू में चल रहा उपचार
हजारीबाग, झारखंड : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ समाजसेवी महावीर लाल विश्वकर्मा की तबीयत अस्वस्थ होने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग स्थित आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज अस्पताल के एमआईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।:
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक चिकित्सकों की टीम पूर्व सांसद के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनकी स्थिति को देखते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
इसी बीच आरोग्यम अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा एमआईसीयू पहुंचे और महावीर लाल विश्वकर्मा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचार में जुटे चिकित्सकों से उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे इलाज के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
हर्ष अजमेरा ने चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों को पूर्व सांसद के उपचार एवं देखभाल में पूरी गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान मरीज को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जाए।
पूर्व सांसद के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और परिचितों के बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता देखी जा रही है। लोग उनके जल्द स्वस्थ होने और शीघ्र घर लौटने की कामना कर रहे हैं।