गिद्दी में पुलिस की कार्रवाई, 40 हजार रुपये, दो मोबाइल और पल्सर बाइक बरामद
गिद्दी (हज़ारीबाग़), झारखंड : कोयला कारोबारियों से कथित तौर पर लेवी और रंगदारी वसूलने पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के दो कथित सक्रिय सदस्यों को गिद्दी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी टोंगी-गिद्दी मुख्य मार्ग के पास लेवी वसूली की गतिविधि में शामिल होने के बाद बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनका पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार साव (19), पिता प्रमोद साव, निवासी सौदागर मोहल्ला, रामगढ़ कैंट तथा अविनाश कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता राजेश साव, निवासी कोयरीटोला मुंडा टोली, रामगढ़ कैंट के रूप में हुई है।
इस संबंध में गिद्दी थाना में कांड संख्या 30/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से संबंधों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्षेत्र में लेवी और रंगदारी वसूली की पूर्व में हुई अन्य घटनाओं में उनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
पुलिस की कार्रवाई के बाद कोयला कारोबारियों से लेवी व रंगदारी वसूली से जुड़े नेटवर्क पर भी जांच तेज होने की संभावना है।