सिविल सर्जन ने खुद किया रक्तदान, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रामगढ़ सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने किया।

शिविर की खास बात यह रही कि लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार स्वयं भी रक्तदान करने के लिए आगे आए। उनके साथ कार्यालय के कई अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान आपात स्थिति में किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों का दायित्व केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी है। इसी भावना के साथ कर्मियों ने रक्तदान कर सकारात्मक संदेश दिया है।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सिविल सर्जन की पहल और प्रेरणा से कार्यालय के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी रक्तदान के लिए आगे आए। रक्तदान करने वालों में क्षेत्रीय समन्वयक, आईईसी सुनील कुमार मधुकर, स्टोर इंचार्ज आशीष कुमार सिन्हा, डीडीएम, आईडीएसपी सुकांत पांडेय, वीसीसीएम संदीप कुमार तथा लिपिक अरविंद कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इसके अलावा सिविल सर्जन कार्यालय के अन्य कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी शिविर में भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।

रक्तदान को लेकर भ्रम दूर करने की अपील

शिविर के दौरान लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आम लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों से बचने और स्वस्थ होने की स्थिति में स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहने से दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव तथा अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए आगे आने की जरूरत है।

शिविर के समापन पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने रक्तदान करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को इस मानवीय पहल के लिए बधाई दी।