आरा चार नंबर में देर रात हुई घटना, हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल
कुजू (रामगढ), झारखंड : जंगली हाथियों के झुंड ने शुक्रवार की देर रात झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य सोनाराम मांझी के आरा चार नंबर स्थित आवास की चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और आसपास के ग्रामीण हाथियों के झुंड की गतिविधियों को लेकर चिंतित हैं।
बताया गया कि हाथियों का झुंड क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने आई चारदीवारी को हाथियों ने तोड़ दिया। घटना के बाद हाथियों का झुंड डूमरबेड़ा की ओर चला गया।
हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में भय
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण डरे-सहमे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के प्रयासों के बावजूद हाथियों के झुंड को क्षेत्र से पूरी तरह खदेड़ने में सफलता नहीं मिली है। ऐसे में हाथियों की चपेट में आने और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड के क्षेत्र में पहुंचने के कारण लोग रात में जागकर अपनी सुरक्षा करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने तथा जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।