धनबाद में भुली मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
धनबाद, झारखंड : वासेपुर में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। व्यस्ततम भुली मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने फहीम खान के भाई सानु खान, छपरा स्टोर के मालिक चंकी और एक महिला को गोली मार दी। घटना में तीनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।:
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, बरवाअड्डा थाना प्रभारी, बैंक मोड़ थाना प्रभारी और भुली ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए हैं।
तीनों घायल खतरे से बाहर
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गोलीबारी में घायल तीनों लोगों का इलाज चल रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।