कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, कृष्ण भक्ति में डूबा रामगढ़ कैंट

Spread the love

माता वैष्णो देवी मंदिर में 4 अक्टूबर तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान, पंडित प्रकाश चंद्र शास्त्री करेंगे कथा वाचन

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ कैंट स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में रविवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ से पूर्व मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं के जयघोष और धार्मिक नारों के बीच कलश यात्रा झंडा चौक होते हुए कथा स्थल पहुंची। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

कलश यात्रा के कथा स्थल पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। आठ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 4 अक्टूबर को होगा।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रद्धालु श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का श्रवण करेंगे। दिल्ली निवासी प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रकाश चंद्र शास्त्री कथा का वाचन कर रहे हैं। अपनी भावपूर्ण कथा शैली के माध्यम से वे श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, प्रेम, धर्म और जीवन मूल्यों का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचा रहे हैं।

धार्मिक अनुष्ठान में अमित साहू एवं उनका समस्त परिवार मुख्य यजमान के रूप में शामिल है। आयोजन को लेकर माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण में श्रीमद्भागवत के संदेशों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों में मानव जीवन को सही दिशा देने का संदेश निहित है। कथा के माध्यम से सत्य, धर्म, प्रेम, सेवा, सदाचार और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जा रही है।

आयोजकों ने रामगढ़ कैंट सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से कथा स्थल पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की है। आयोजन को लेकर धर्मप्रेमी लोगों में उत्साह का माहौल है।