रामगढ़ कैंट, झारखंड। अंजुमन इस्लाहुल मुस्लिमीन गोलपार, रामगढ़ कैंट की ओर से रविवार, 27 सितंबर 2026 को गोलपार मोहल्ला स्थित समीउल्लाह कुरैशी हॉल, जामा मस्जिद गोलपार में खातून-ए-जन्नत कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कॉन्फ्रेंस का आयोजन विशेष रूप से महिलाओं के लिए किया गया था, जिसमें केवल महिलाओं ने ही शिरकत की।
कार्यक्रम की सरपरस्ती और सदारत अंजुमन कमेटी गोलपार के सदर खुर्शीद अहमद कुरैशी ने की। कार्यक्रम में हजारीबाग की आलिमा, हाफिजा एवं शायरा सानिया नूरी मुख्य रूप से शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर तकरीर करते हुए मुस्लिम महिलाओं को दीनी और इस्लामिक जानकारियां दीं।
आलिमा सानिया नूरी ने कहा कि आज हम लोग हर एतबार से अपनी मूल शिक्षाओं से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का अपनी दीनी तालीम से दूर होना समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में समाज को पुनः विचार करने और समस्याओं के कारणों को तलाशने की जरूरत है।
उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ दीनी तालीम की ओर भी रुख कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा और दीनी तालीम देने से समाज में सुधार की दिशा मजबूत होगी।
खातून-ए-जन्नत कॉन्फ्रेंस को सफल बनाने में वायजुल हक खान, मुख्तार मंसूरी, डॉ.रियाज अहमद, जाबिर अहमद, एजाज अहमद, शहाबुद्दीन कुरैशी, हामिद अंसारी, खुर्शीद अहमद कुरैशी सहित गोलपार नौजवान कमेटी के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।