सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई

Spread the love

उपायुक्त ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की

रामगढ़, झारखंड  :  समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में मंगलवार को जिला परिवहन कार्यालय, रामगढ़ द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत उपस्थित रहे।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने कार्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियानों, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों, ब्लैक स्पॉट के चिह्निकरण, यातायात नियमों के अनुपालन और राजस्व संग्रहण की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी।

‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ का कड़ाई से पालन

बैठक में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को किसी भी परिस्थिति में पेट्रोल नहीं देने की बात कही गई। नियमों की अनदेखी करने वाले पेट्रोल पंपों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अतिक्रमण और अनावश्यक पार्किंग पर होगी कार्रवाई

शहरी क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने पर विशेष अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना वसूला जाएगा।

समीक्षा में यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर मुख्य सड़कों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर बिना किसी उचित कारण के वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे जाम और दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर निर्देश दिया गया कि ऐसे वाहनों के विरुद्ध क्रेन/टोइंग के माध्यम से कार्रवाई की जाए तथा संबंधित वाहन चालकों और मालिकों पर जुर्माना लगाया जाए।

बड़े वाहनों में रिफ्लेक्टिव स्टीकर अनिवार्य

ट्रक, ट्रेलर, हाइवा समेत सभी बड़े मालवाहक और अन्य व्यावसायिक वाहनों में रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। रात और धुंध के दौरान दृश्यता कम होने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग को ऐसे वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।

चुटुपालू घाटी में जल्द शुरू होगा स्पीड चालान मीटर

उपायुक्त ने चुटुपालू घाटी में स्पीड चालान मीटर जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही घाटी से गुजरने वाले वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।

ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त ऋतुराज ने हालिया सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण करते हुए जिले के सभी चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर साइनेज बोर्ड, ब्लिंकर लाइट, स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य तेजी से पूरा करने को कहा गया।

ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि अवैध बालू, कोयला या अन्य खनिजों से लदे ओवरलोडेड वाहनों तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ जिला पुलिस एवं परिवहन विभाग संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाएगा। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के परमिट रद्द करने तथा संबंधित चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, ट्रिपल राइडिंग और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित विशेष जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ का पालन करने तथा नागरिकों और व्यापारियों से अतिक्रमण एवं अनधिकृत पार्किंग से बचते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का, मोटरयान निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात/मुख्यालय), सड़क सुरक्षा प्रबंधक, एनएचएआई एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।