सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को नमन, श्री कृष्ण विद्या मंदिर में मनाई गई गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  श्री कृष्ण विद्या मंदिर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर बाल वाटिका के बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका सपना चक्रवर्ती ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें विद्यार्थियों के साथ साझा कीं। उन्होंने बच्चों को सत्य, ईमानदारी और मेहनत के साथ अपने कर्म करने तथा गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को गांधी जयंती और शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों नेताओं के त्याग, बलिदान और देश की आजादी एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कक्षा तीसरी से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा पांचवीं की छात्रा अनुष्ठा पाठक और कक्षा छठी की छात्रा तेजस्विनी पाठक ने गांधी जी के जीवन एवं सत्य-अहिंसा के संदेश पर आधारित भजन प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उषा सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन और दृढ़ नेतृत्व के माध्यम से देश के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के जीवन से ईमानदारी, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, कविता सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में भी भाग लिया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता आनंद अग्रवाल, सचिव विमल किशोर जाजू एवं विद्यालय परिवार ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।