सुगिया में अवैध कोयला खनन स्थल पर सीआईएसएफ की कार्रवाई, विस्फोटक बरामद

Spread the love
पकड़ा गया व्यक्ति

कुजू (रामगढ), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के सुगिया में दामोदर नदी किनारे चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ ने गुरुवार को कार्रवाई की। अभियान के दौरान जवानों ने खनन स्थल से विस्फोटक सामग्री समेत अवैध खनन में प्रयुक्त कई सामान बरामद किए। मौके से एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।

जब्त ड्रिल मशीन लगा दो ट्रैक्टर

कार्रवाई सहायक कमांडेंट अजय कुमार पांडेय, हर्ष लावण्य और एसके साहा के नेतृत्व में की गई। टीम ने अवैध खनन स्थल से ड्रिलिंग मशीन युक्त दो ट्रैक्टर, विस्फोट के लिए इस्तेमाल होने वाले तार, एक हीरो पैशन बाइक और करीब 49 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया।

सीआईएसएफ के अनुसार, मौके से 30 पीस अमोनियम नाइट्रेट इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव तथा विस्फोट में प्रयुक्त होने वाले तार भी बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान दिनेश महतो नामक व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने मनीष नामक व्यक्ति के लिए कोयला खनन कराने की बात बताई।

बरामद विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान को सीसीएल सुरक्षा विभाग के माध्यम से स्थानीय कुजू ओपी पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं, जब्त कोयले को करमा परियोजना के हवाले किया गया। अभियान में सीसीएल सुरक्षा विभाग के कर्मी भी शामिल रहे।