बीएफसीएल में वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों की हुई जांच

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :   बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) में कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। एचएएसपी इकाई में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

शिविर में रांची रोड, रामगढ़ स्थित बृंदावन पॉलीडॉक अस्पताल की चिकित्सा टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच की। इसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, ईसीजी, फेफड़ों, आंखों एवं सुनने की क्षमता की जांच के साथ छाती का एक्स-रे और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण शामिल रहे। चिकित्सकों ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करना है। नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए स्वस्थ और सुरक्षित कार्यस्थल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। ‘स्वस्थ कर्मचारी–सशक्त बीएफसीएल’ की भावना के साथ आयोजित यह शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शिविर सभी कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच पूरी होने तक जारी रहेगा।