77.86 प्रतिशत अंक के साथ हासिल किया पहला स्थान, कोडरमा दूसरे और चतरा तीसरे स्थान पर
रामगढ़, झारखंड : झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा केपीएमजी (KPMG) की ओर से जारी सितंबर 2026 की समग्र जिला शैक्षणिक रैंकिंग में रामगढ़ जिले ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले ने 77.86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। वहीं, कोडरमा 77.12 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और चतरा 76.84 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
शिक्षा विभाग की ओर से 23 मुख्य एवं उप-सूचकांकों के आधार पर तैयार की गई इस रैंकिंग में विद्यार्थियों के सीखने के प्रतिफल, विद्यालयों की नियमित निगरानी, समय पर आंकड़ों की रिपोर्टिंग, शैक्षणिक योजना, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक समन्वय जैसे मानकों का मूल्यांकन किया गया।
दो प्रमुख मानकों पर बेहतर प्रदर्शन
रैंकिंग के अनुसार, विद्यार्थियों के सीखने के प्रतिफल, विद्यालयों की निगरानी और समय पर आंकड़ों की रिपोर्टिंग से जुड़े उच्च प्राथमिकता वाले सूचकांकों को 70 प्रतिशत भारांक दिया गया था। इस श्रेणी में रामगढ़ को 58.44 अंक प्राप्त हुए। वहीं, शैक्षणिक योजना, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े सहायक सूचकांकों को 30 प्रतिशत भारांक दिया गया था, जिसमें जिले ने 19.43 अंक हासिल किए।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग की टीम को दी बधाई
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तरीय शिक्षा अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यालय प्रधानों और सभी शिक्षकों को बधाई दी।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य में पहला स्थान प्राप्त करना जिले की प्रशासनिक और शैक्षणिक टीम के निरंतर प्रयासों तथा प्रतिबद्धता का परिणाम है। विद्यालयों की नियमित निगरानी, पठन-पाठन के स्तर में सुधार, समय पर आंकड़ों की रिपोर्टिंग और बेहतर प्रशासनिक समन्वय से यह सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। साथ ही, इस उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार के प्रयास जारी रहेंगे।
शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार पर रहेगा जोर
जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार सिल ने कहा कि उपायुक्त ऋतुराज के सतत मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों में शिक्षा विभाग की ओर से किए गए प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है। इसमें जिले के शिक्षकों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और कर्मियों ने पूरी निष्ठा से योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य केवल रैंकिंग में शीर्ष स्थान बनाए रखना नहीं है, बल्कि जिले के प्रत्येक सरकारी विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करना भी है।
रामगढ़ की इस उपलब्धि को जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक समन्वय के सकारात्मक परिणाम के रूप में देखा जा रहा है।