श्री कृष्ण विद्या मंदिर में धूमधाम से मना नवरात्रि महोत्सव, गरबा-डांडिया ने बांधा समां

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  श्री कृष्ण विद्या मंदिर में नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, महिषासुर मर्दिनी, दुर्गा वंदना और गरबा-डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों से देवी शक्ति के विभिन्न स्वरूपों को जीवंत किया। पूरे आयोजन में आध्यात्मिकता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के माध्यम से कार्यक्रम की मंगल शुरुआत की गई। महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति में मां दुर्गा के शौर्य, पराक्रम और बुराई के विनाश के स्वरूप को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। वहीं, दुर्गा वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसके बाद गरबा और डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति, साहस, करुणा और संरक्षण के महत्व को दर्शाया गया। कार्यक्रम का समापन मां दुर्गा की आरती के साथ हुआ।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से मां दुर्गा के साहस, पराक्रम और धर्मनिष्ठा से प्रेरणा लेकर जीवन में सत्य, सदाचार और कर्तव्यपरायणता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव विमल किशोर जाजू और वरिष्ठ सदस्य महावीर अग्रवाल उपस्थित थे। अंत में प्राचार्या गुरप्रीत कौर ने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

विद्यालय में आयोजित इस महोत्सव के माध्यम से संदेश दिया गया कि नवरात्रि केवल देवी शक्ति की आराधना का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर साहस, आत्मविश्वास, सदाचार और धर्मनिष्ठा जागृत करने का अवसर भी है।