चुटुपालू और चरही घाटी में सड़क सुरक्षा पर खर्च होंगे 239.40 करोड़ रुपये

Spread the love

एनएच-33 के नए नाम एनएच-20 के दोनों घाटी खंडों में 5.99 किलोमीटर सड़क का होगा सुधार, दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जाएंगे सुरक्षा उपाय

रांची, झारखंड : झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से चुटुपालू और चरही घाटी के दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार की योजना को मंजूरी मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की है। रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर मिली इस स्वीकृति की जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से दी है।

स्वीकृत परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया एनएच-20) के चुटुपालू घाटी और चरही घाटी खंड में कुल 5.99 किलोमीटर सड़क का सुधार किया जाएगा। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य इन दोनों घाटियों में दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और यात्रियों का आवागमन अधिक सुरक्षित बनाना है।

सड़क सुरक्षा के लिए मंत्रालय से की गई थी पहल

चुटुपालू और चरही घाटी में दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए संजय सेठ ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर पहल की थी। उन्होंने परियोजना की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों घाटियां लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील रही हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिलना रांची सहित पूरे झारखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सड़क सुधार और दुर्घटना संभावित स्थलों पर जरूरी उपाय होने से यात्रियों को सुरक्षित आवागमन में मदद मिलने की उम्मीद है।

सड़क सुरक्षा और आधुनिक आधारभूत संरचना पर जोर

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशभर में आधुनिक सड़क अवसंरचना विकसित करने के साथ सड़क सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है। झारखंड में बेहतर सड़क नेटवर्क, सुरक्षित यातायात और आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रही है।

परियोजना की स्वीकृति के लिए संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।