रामगढ़ में JTET के लिए 50 परीक्षा केंद्र, दो पालियों में शामिल होंगे 20,293 अभ्यर्थी

Spread the love

उपायुक्त ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने की संयुक्त ब्रीफिंग, कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

रामगढ़, झारखंड : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

परीक्षा का आयोजन आगामी 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। रामगढ़ जिले में इसके लिए कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें कुल 20,293 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

दो पालियों में होगी परीक्षा

पहली पाली में 13,734 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, दूसरी पाली में 6,559 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी।

व्यवस्थाओं की जांच करने का निर्देश

बैठक में उपायुक्त ऋतुराज ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा का संचालन सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन करने और परीक्षा से पहले आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा। उन्होंने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता तथा निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुसार अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा अभ्यर्थियों की नियमानुसार जांच, आवश्यक अभिलेखों का संधारण तथा वीक्षकों और अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी निर्धारित समय पर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करें।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने, संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की बात कही है। साथ ही, परीक्षा कार्य में लगाए गए अधिकारियों, कर्मियों और केंद्राधीक्षकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की गई है।