JTET परीक्षा को लेकर रामगढ़ के 50 केंद्रों के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा

Spread the love

1 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, अनधिकृत प्रवेश, सभा-जुलूस और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध

रामगढ़, झारखंड :   झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने रामगढ़ के सभी 50 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। अनुमंडल दंडाधिकारी की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत जारी यह आदेश 1 नवंबर 2026 को परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।

झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के निर्देश पर आयोजित होने वाली परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के अभ्यर्थी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा देंगे। वहीं, दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।

प्रशासन के आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों और उनके 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश, हथियार लेकर चलने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल तथा नारेबाजी, सभा और जुलूस के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि, परीक्षा में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और परीक्षार्थियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।