रामगढ़ सदर अस्पताल में शुरू होगी कैंसर ओपीडी, हर महीने दो दिन मिलेंगे विशेषज्ञ

Spread the love

पहले और तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक मरीजों को देंगे परामर्श, कीमोथेरेपी की सुविधा भी होगी उपलब्ध

रामगढ़, झारखंड  :   सदर अस्पताल में अब कैंसर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और उपचार संबंधी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए अस्पताल में विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी शुरू की जाएगी। यहां मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. श्रीकांत अन्ने प्रत्येक माह के पहले और तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मरीजों को परामर्श देंगे।

सिविल सर्जन सह सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को अस्पताल परिसर स्थित डीएस चैंबर में ओपीडी के संचालन को लेकर बैठक हुई। इस व्यवस्था को उपायुक्त ऋतुराज से अंतिम स्वीकृति मिल चुकी है।

स्क्रीनिंग और जांच रिपोर्ट की होगी समीक्षा

विशेष कैंसर ओपीडी में मरीजों की कैंसर स्क्रीनिंग, विशेषज्ञ परामर्श और पहले कराई गई जांचों की रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। मरीजों को बीमारी की स्थिति के अनुसार आगे की जांच और उपचार के संबंध में मार्गदर्शन भी मिलेगा। सदर अस्पताल में कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।

स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा

कैंसर के इलाज के लिए मरीजों को अक्सर बड़े शहरों के अस्पतालों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें आने-जाने और अन्य व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। रामगढ़ सदर अस्पताल में विशेषज्ञ ओपीडी शुरू होने से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन मिल सकेगा।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कैंसर के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।