संगठित आपराधिक गिरोह पर रामगढ़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई, दो अपराधियों पर सीसीए के तहत शिकंजा

Spread the love

राहुल दुबे गिरोह से जुड़े सुजीत डोम के विरुद्ध निरुद्धादेश पारित, तुषार मिश्रा की निरुद्धादेश अवधि बढ़ाई गई

रामगढ़ कैंट, झारखंड : जिले में संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करते हुए रामगढ़ पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े दो अपराधियों के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 (सीसीए) के तहत कार्रवाई की है। इस क्रम में एक अपराधी के विरुद्ध निरुद्धादेश पारित किया गया है, जबकि दूसरे अपराधी के निरुद्धादेश की अवधि विस्तारित की गई है।

रामगढ़ पुलिस के अनुसार, संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

 

सुजीत डोम के विरुद्ध निरुद्धादेश पारित

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सुजीत डोम उर्फ सुजीत राम, पिता स्वर्गीय अर्जुन राम, निवासी रिभर साइड बुधबाजार, थाना पतरातू (भुरकुंडा), जिला रामगढ़ के विरुद्ध झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत निरुद्धादेश पारित किया गया है।

तुषार मिश्रा की निरुद्धादेश अवधि विस्तारित

वहीं, तुषार मिश्रा उर्फ शोम्या मिश्रा, पिता स्वर्गीय राजकुमार मिश्रा, निवासी मिश्रा टोला, मरार, थाना रामगढ़, जिला रामगढ़ के विरुद्ध पूर्व में जारी निरुद्धादेश की अवधि विस्तारित की गई है।

रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।