खराब मौसम के कारण पतरातू की महिला अभ्यर्थियों की होमगार्ड दौड़ परीक्षा स्थगित

Spread the love

चक्रवाती तूफान और मूसलाधार बारिश के चलते लिया गया निर्णय, अन्य प्रखंडों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी

जानकारी देते अधिकारी

रामगढ़, झारखंड :  रामगढ़ जिले में चल रही होमगार्ड (गृह रक्षा वाहिनी) बहाली प्रक्रिया के तहत पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) 29 अक्टूबर 2026 को स्थगित कर दी गई है। जिला प्रशासन ने क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती तूफान, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, परीक्षा स्थल पर मौजूद संबंधित महिला अभ्यर्थियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद उनकी सहमति से गुरुवार को निर्धारित दौड़ परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

अगले आदेश तक स्थगित रहेगी परीक्षा

पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की स्थगित शारीरिक दक्षता परीक्षा की अगली तिथि फिलहाल घोषित नहीं की गई है। नई तिथि और परीक्षा से संबंधित अन्य आधिकारिक जानकारियां राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की वेबसाइट तथा जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों पर जारी की जाएंगी।

अन्य प्रखंडों की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा स्थगित करने का निर्णय केवल 29 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए लागू है। रामगढ़ जिले के अन्य शेष प्रखंडों की शारीरिक दक्षता परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और परीक्षा की नई तिथि से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी के लिए एनआईसी पोर्टल एवं जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों पर नजर बनाए रखें।