झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने रामगढ़ में की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान परिसदन, रामगढ़ में समिति के सभापति सुरेश पासवान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य राम सूर्या मुंडा भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों, उनके अनुपालन की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों तथा विभागों की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में करें निष्पादन : सभापति

सभापति सुरेश पासवान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा में सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रश्नों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें।

समिति के सदस्य राम सूर्या मुंडा ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं से जुड़े होते हैं। इसलिए संबंधित विभागों को इनके प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय प्रतिवेदनों में सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने तथा अनुपालन की स्थिति स्पष्ट रखने को कहा।

विभागवार कार्यों की हुई समीक्षा

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित विधानसभा के प्रश्नों और उनके अनुपालन की स्थिति से समिति को अवगत कराया। समिति ने विभागवार जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया।

समिति ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता बनाए रखने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।