रामगढ़, झारखंड :किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि यंत्रों से जोड़ने तथा खेती को आसान, कम खर्चीला और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कैथा स्थित भूमि संरक्षण कार्यालय परिसर में कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान पर ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, पंपसेट एवं अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज, झारखंड सरकार के भूमि संरक्षण निदेशक विकास कुमार, हजारीबाग के सहायक निदेशक सर्वे विवेक मिश्रा, रामगढ़ की भूमि संरक्षण पदाधिकारी कंचन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर, जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक रीता सिंह तथा हजारीबाग सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को मिले कृषि उपकरण
कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला में मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत दो लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। वहीं, एसएमएएम योजना के तहत आठ लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर बड़े ट्रैक्टर तथा तीन लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर मिनी ट्रैक्टर दिए गए।
पंपसेट वितरण योजना के तहत 1.5 से 3 अश्वशक्ति तथा 3 से 5 अश्वशक्ति क्षमता के पंपसेट और सौर ऊर्जा चालित पंपसेट सहित कुल 40 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर पंपसेट उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत कृषि यंत्र योजना के तहत तीन लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर विभिन्न कृषि उपकरण दिए गए।
ममता देवी ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने की अपील की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार द्वारा अनुदान पर ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती में लगने वाला समय और श्रम कम होगा। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की।
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने के लिए कृषि कार्यों में आधुनिक मशीनों का उपयोग आवश्यक है। ट्रैक्टर, पंपसेट एवं अन्य उपकरणों से खेती की लागत और मेहनत कम होगी। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए जरूरी है। कृषि यांत्रिकीकरण से खेती की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों को कम समय एवं श्रम में बेहतर परिणाम मिलेंगे। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
खेती को आधुनिक एवं लाभकारी बनाना प्राथमिकता : उपायुक्त
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध करा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर किसान भी आधुनिक कृषि संसाधनों का उपयोग कर सकें।
उन्होंने कहा कि कृषि उपकरणों के उपयोग से किसानों की लागत और श्रम में कमी आएगी तथा कृषि कार्य समय पर पूरे करने में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचाया जाए।
अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
झारखंड सरकार के भूमि संरक्षण निदेशक विकास कुमार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। कृषि यांत्रिकीकरण से खेती अधिक सुविधाजनक और उत्पादक बनेगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने की अपील की।
वहीं, भूमि संरक्षण पदाधिकारी कंचन ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, पंपसेट एवं व्यक्तिगत कृषि उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य कृषि कार्यों को आसान बनाना और किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाना है।
कार्यक्रम का संचालन हजारीबाग के सहायक निदेशक सर्वे विवेक मिश्रा ने किया। मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किसानों को कृषि यंत्रों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।