बरकाकाना स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी से टकराया यात्री शेड, छज्जा टूटकर गिरा  ;   बाल-बाल बचे लोग

Spread the love

हिंडालको कंपनी जा रही थी मालगाड़ी, अधिक ऊंचाई पर लदे कोयले से हुआ नुकसान; रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर साइडिंग में रोकी ट्रेन

बरकाकाना (रामगढ़), झारखंड : बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक मालगाड़ी के कारण यात्री सुविधाओं से जुड़े निर्माण को नुकसान पहुंचा। कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी के ऊपर लदे कोयले का हिस्सा स्टेशन के यात्री शेड के छज्जे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छज्जे का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

बताया जाता है कि इन दिनों बरकाकाना स्टेशन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण एवं विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसी बीच कोयला लदी मालगाड़ी के गुजरने के दौरान यह घटना हुई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना के संबंध में बरकाकाना के मंडल रेल परिचालन प्रबंधक केके राजहंस ने बताया कि उक्त मालगाड़ी खुर्दा रोड डिवीजन, ईस्ट कोस्ट रेलवे की जीजीपीसी साइडिंग से कोयला लेकर हिंडालको कंपनी के लिए जबलपुर डिवीजन जा रही थी।

उन्होंने बताया कि स्टेशन पर हुए नुकसान का आकलन बरकाकाना के रेल अभियंता द्वारा किया जाएगा। आकलन के बाद संबंधित रेलवे साइडिंग से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का खर्च वसूला जाएगा।

मालगाड़ी में निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक कोयला लदे होने के सवाल पर डीटीएम ने बताया कि रांची से जारी दस्तावेजों के अनुसार ओवरलोडिंग की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित मालगाड़ी को राय रेलवे साइडिंग में रोक दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मालगाड़ी में लदे कोयले को समतल करने के बाद ही उसे आगे गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। रेलवे की ओर से स्टेशन को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।