रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़, रांची, बोकारो और हजारीबाग के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की कुल 20 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबित मामलों के उद्भेदन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक ऐसे गिरोह की जानकारी मिली, जो अलग-अलग जिलों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके नंबर, इंजन और चेचिस की पहचान बदलकर बाजार में बेचता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को सूचना मिली कि रामगढ़ शहर में पहले हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना में सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए दो संदिग्ध दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद शहर के विभिन्न इलाकों में वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान पुलिस की नजर नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों पर पड़ी। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे वाहन मोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बोकारो जिले के बीटीपीएस थाना क्षेत्र अंतर्गत कश्मीर कॉलोनी फेस-2 निवासी सोनू राम (26 वर्ष) और बोकारो के गैरमजरुआ निवासी आर्यन कुमार (19 वर्ष), वर्तमान पता किशोरगंज कुम्हारटोली, रांची के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि पकड़ी गई मोटरसाइकिल 9 अक्टूबर 2026 को रामगढ़ स्थित निर्मल एजेंसी के बाहर से चोरी की गई थी।
चार जिलों में फैला था चोरी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे रांची, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को दूसरे जिलों में खपाने के लिए कबाड़ी दुकानदारों और गैरेज संचालकों से संपर्क रखा जाता था।
पुलिस का दावा है कि रामगढ़ से चोरी की गई मोटरसाइकिल बोकारो के ग्रामीण इलाकों में शमीम अंसारी के माध्यम से बेची जाती थी। वहीं, रांची से चोरी की गई गाड़ियों को रामगढ़ में राकेश कुमार, मो. मंजूर खान, मो. इजाजुल अंसारी और गैरेज संचालक विनेश्वर बेदिया के जरिए ठिकाने लगाया जाता था।
गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों का डेंट-पेंट कर उनका मॉडल और बाहरी पहचान बदल देते थे। इसके बाद इंजन और चेचिस नंबर को घिसकर वाहनों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। जो मोटरसाइकिल नहीं बिक पाती थीं, उनके अलग-अलग पुर्जे खोलकर बेच दिए जाते थे।
निशानदेही पर सात आरोपियों की गिरफ्तारी, 20 बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर छापेमारी करते हुए गिरोह से जुड़े पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। सभी सात आरोपियों की निशानदेही पर चार जिलों से चोरी की 20 मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
सोनू राम (26 वर्ष), पिता शंकर राम, क्वार्टर नंबर एम-301, कश्मीर कॉलोनी फेस-2, बीटीपीएस, जिला बोकारो।
आर्यन कुमार (19 वर्ष), पिता दुलारचंद राम, वर्तमान पता किशोरगंज कुम्हारटोली, चुन्न भट्ठा के पास, रांची; स्थायी पता गैरमजरुआ, बीटीपीएस, बोकारो।
राकेश कुमार (32 वर्ष), पिता रामलाल राउत, वर्तमान पता नईसराय, पांडेय मोहल्ला, सुरेश साव के मकान में किरायेदार, रामगढ़; स्थायी पता ईटारवा, बाघा, थाना कन्हौली, जिला सीतामढ़ी, बिहार। (कबाड़ी कारोबारी)
मंजूर खान (28 वर्ष), पिता मुस्लिम खान, वर्तमान पता नईसराय मस्जिद के पास, अंजार खान के मकान में किरायेदार, रामगढ़; स्थायी पता मरप्पा, पिपरादाना, थाना कन्हौली, जिला सीतामढ़ी, बिहार। (कबाड़ी कारोबारी)
विनेश्वर बेदिया (32 वर्ष), पिता स्व. बंशी बेदिया, निवासी हेसला, रामगढ़। (संचालक, बेदिया मोटरसाइकिल रिपेयरिंग एवं पेंटिंग सेंटर, महुआटांड़)
मो. इजाजूल अंसारी (28 वर्ष), पिता मो. यूनुस अंसारी, निवासी चापरी, थाना मांडू, कुजू ओपी, जिला रामगढ़।
शमीम अंसारी (34 वर्ष), पिता तैयब आलम, निवासी नारायणपुर, थाना पेंक नारायणपुर, जिला बोकारो।
बरामद 20 मोटरसाइकिलों की सूची
पुलिस द्वारा बरामद वाहनों का विवरण इस प्रकार जारी किया गया है—
हीरो एचएफ डीलक्स – JH24E-8251
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH01GF-3933
हीरो पैशन प्रो – JH24B-3428
हीरो डीलक्स – JH24H-7139
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH01EE-7573
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH01DC-5436
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH24L-0251
हीरो पैशन प्रो – JH01CP-8396
हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस – JH01X-3634
होंडा शाइन – JH01DB-9513
हीरो पैशन प्रो – JH01CF-1971
बजाज पल्सर – JH09AK-4921
होंडा शाइन एसपी – OD09N-3191
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH24H-7139
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH01FD-0844
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH24P-6203
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH01FG-7895
हीरो एचएफ डीलक्स – JH01FA-9045
होंडा सीबी शाइन – JH24A-7429
हीरो स्प्लेंडर प्लस – JH01ER-1150
एसआईटी की टीम ने की कार्रवाई
इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह रामगढ़ थाना प्रभारी गजेन्द्र कुमार पाण्डेय, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, तकनीकी शाखा के अवर निरीक्षक नोशाद आलम, रामगढ़ थाना के अवर निरीक्षक जॉनी कुमार, विकास कुमार, बिरबल हेम्ब्रम और मनीष कुमार सिंह, वे.बो. ओपी के अवर निरीक्षक अविनाश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चन्द्रशेखर पिंगुवा, तकनीकी शाखा के आरक्षी लालु सोरेन एवं दिलीप कुमार वर्णवाल, आरक्षी मिथलेश यादव, रिजर्व गार्ड के आरक्षी सुकुल विश्वकर्मा तथा गृह रक्षक रामचन्द्र कुमार शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी सात आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है।