निशा भगत की आत्महत्या के विरोध में भाजपा ने फूंका मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला, सीबीआई जांच की मांग

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के विरोध में शनिवार को रामगढ़ कैंट मंडल भाजपा की ओर से सुभाष चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग उठाईभाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में आदिवासी समाज की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर आवाज उठाने वाली आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या की घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था और आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि जमीन विवाद, कथित जमीन दलालों, ठेकेदारों और अन्य दबावों के कारण निशा भगत को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में निशा भगत की मौत की सीबीआई जांच कराने, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और राज्य की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

मौके पर मंडल महामंत्री ऋषिकेश सिंह, सौरभ जायसवाल, संतोष साहू, अमित खेतान, राजेश ठाकुर, ओबीसी मोर्चा के हजारीबाग प्रभारी दीपक सोनकर, वरुण सिंह, शशि शेखर सिंह, गौतम महतो, अमित ठाकुर, अमर कुशवाहा, अजीत गुप्ता, जगदीश शर्मा, अंशु पांडेय, अमर भारती, जीतू यादव, तरुण साव, देव कुमार, गोविंद साह और अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।