रामगढ़ में 22 टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली, उपायुक्त ने जाना स्वास्थ्य का हाल

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखडं : समाहरणालय परिसर में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 22 मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई।

कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ती प्रियंका कुजूर, गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज ने संयुक्त रूप से मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण किया।

इस दौरान उपायुक्त ने मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करने, उपचार का निर्धारित कोर्स पूरा करने तथा पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी।

उपायुक्त ने कहा कि टीबी पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। नियमित दवा, बेहतर पोषण और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से इस बीमारी से निजात पाई जा सकती है। उन्होंने मरीजों को उपचार के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें बीमारी से उबरने के लिए प्रोत्साहित करना था।