रामगढ़ जिले में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई दीपावली, देर रात तक हुई आतिशबाजी ; प्रशासन ने ली राहत की सांस

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  रामगढ़ शहर सहित पूरे जिले में दीपों का त्योहार दीपावली श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। त्योहार के दौरान जिले में किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न होने पर जिला प्रशासन और पुलिस ने भी राहत की सांस ली।

दीपावली को लेकर सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया। शाम होते ही दीपों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों की रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा। घरों और मंदिरों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद लोगों ने अपने घरों, आंगन और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

त्योहार के उत्साह में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उमंग देखने को मिली। रात होते ही शहर के विभिन्न इलाकों में जमकर आतिशबाजी हुई। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर नजर आया। वहीं, अमावस्या की रात कई स्थानों पर मां काली की पूजा-अर्चना भी श्रद्धापूर्वक की गई।

दीपावली के अवसर पर रविवार को बाजारों में भी खूब चहल-पहल रही। पूजन सामग्री, मिट्टी के दीये, सजावटी सामान, मिठाइयों और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। बाजारों में देर तक रौनक बनी रही।

हालांकि, आतिशबाजी के दौरान पटाखों से जलने की कुछ घटनाएं भी सामने आईं, लेकिन किसी बड़ी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली। कुल मिलाकर रामगढ़ जिले में दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।