झारखंड के 20 किसानों को मिला राष्ट्रीय सम्मान, दिल्ली में आयोजित एमएफओआई. सम्मान समारोह में चमका राज्य का नाम

Spread the love

गोला (रामगढ़), झारखंड : झारखंड के कुल 20 किसानों को नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय एमएफओआई (मिलेनियर फ़ार्मर ऑफ़ इंडिया) सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ। यह कार्यक्रम 07 से 09 दिसंबर 2025 तक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर–आईएआरआई), पूसा में संपन्न हुआ। कृषि जागरण द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य उन किसानों को सम्मानित करना था, जिन्होंने खेती के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट उत्पादन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से 10 लाख रुपये से अधिक की वार्षिक आय अर्जित कर मिसाल पेश की है।

कार्यक्रम में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किसानों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, विपणन, कृषि–उद्यम और नवाचार पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनसे उपस्थित किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिलीं।

इस प्रतिष्ठित आयोजन में झारखंड से 20 किसानों का चयन हुआ, जिनमें रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड से 6 किसान शामिल थे, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। इन किसानों की दिल्ली यात्रा, आवास और सभी आवश्यक खर्चों का वहन टीआरआई संस्था द्वारा किया गया।

राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के किसानों को सम्मानित होते देख पूरे राज्य में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा।

रामगढ़ जिला (गोला प्रखंड से 6 किसान) हुए पुरुस्कृत 

पुरुस्कृत होने वालों में गोला के अभिषेक कुमार, अजय कुमार, प्रियंका कुमारी, सीता देवी, अहिल्या देवी तथा संजय कुमार महतो शामिल हैं ।

यह सम्मान समारोह किसानों के मनोबल को बढ़ाने वाला साबित हुआ। आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजन किसानों को नई तकनीक, नवाचार, विपणन, तथा कृषि को लाभकारी बनाने से जोड़ते हैं और खेती को नए आयाम प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। झारखंड के किसानों की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।