कुजू (रामगढ़), झारखंड : नगर परिषद क्षेत्र रामगढ़ के दिगवार ग्राम निवासी आकाश कुमार का चयन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर हुआ है। जेएसएससी सीजीएल परीक्षा 2023 में आकाश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रमाण दिया है। उनकी सफलता से दिगवार सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है।
आकाश शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी मजबूत पकड़ और सतत प्रयासों ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे योजना एवं विकास विभाग, पटना (बिहार) में योजना पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
पुत्र की सफलता पर दिगवार उच्च विद्यालय के शिक्षक निरंजन कुशवाहा और उनकी माता सुनीता देवी ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इसे ईश्वर की कृपा, आकाश की मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया। साथ ही क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी आकाश से प्रेरणा लेने की सलाह दी।