रामगढ़, झारखंड :वार्ड नंबर 5 के श्रीकृष्ण पुरी मुहल्ले में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एसडीपीओ, प्रशिक्षु डीएसपी और रामगढ़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल अचानक क्षेत्र में पहुंच गया। कई वाहनों और मोटरसाइकिलों पर सवार पुलिस टीम ने मुहल्ले के कुछ घरों के साथ-साथ धंधार पोखर तालाब के नीचे तक जाकर व्यापक जांच अभियान चलाया।
मौके पर पुलिस ने मीडिया कर्मियों को तस्वीरें लेने से रोक दिया और किसी भी जानकारी को साझा करने से इनकार कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही पूरे इलाके में चर्चाओं का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने बीती रात मुहल्ले के एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और अन्य परिजनों को उनके घर से उठाया था। गुरुवार की कार्रवाई के दौरान वही व्यक्ति भी पुलिस के साथ मौजूद था। मुहल्ले के कुछ अन्य घरों में भी जांच किए जाने की बात सामने आई है।
लापता युवक सोनू राम मामला जुड़ा बताया जा रहा है
करीब तीन महीने पहले कैंट क्वार्टर से सोनू राम नामक युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी हुए थे और कांके विधायक सुरेश बैठा सहित कई लोग उसके घरवालों से मिलने पहुंचे थे।
अब यह बात सामने आ रही है कि गुरुवार की बड़ी पुलिस कार्रवाई उसी मामले से जुड़ी हुई है। सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने सोनू राम की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है और बताया है कि शव को मुहल्ले के एक कुएँ में फेंक दिया गया था।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा श्रीकृष्ण पुरी मुहल्ले के उस कुएँ में शव की खोज की जा रही थी। देर शाम तक पुलिस बल और सोनू राम के परिजनों की भारी भीड़ स्थल पर मौजूद रही।