रामगढ़, झारखंड : तीन महीने से लापता सोनू राम की हत्या का खुलासा होने और उसके शरीर के कटे हुए अंग मिलने के बाद शुक्रवार को परिजनों व कैंट क्वार्टर के निवासियों ने सुभाष चौक पर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम करने वालों में सोनू राम की घर की तथा कैंट क्वार्टर की महिलायें भी शामिल थीं
जाम सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ और लगभग साढ़े तीन घंटे तक चला। परिजनों ने मुआवजा सहित कई मांगों के समर्थन में सड़क जाम किया था।
सूचना मिलने पर रामगढ़ एसडीओ और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को नियमसम्मत सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
हत्या का खुलासा
गुरुवार की रात पुलिस ने खोजबीन के क्रम में श्रीकृष्ण कॉलोनी निवासी रंजीत सिंह उर्फ नाना, उसकी पत्नी और भतीजे को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान रंजीत सिंह ने सोनू राम की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
उसने बताया कि पहले उसने सोनू राम के सिर में गोली मारी, फिर उसके शरीर के अंग काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए और छिपा दिए। नाना की निशानदेही पर पुलिस ने सोनू राम के कई कटे हुए अंग बरामद कर लिए हैं। कटे अंग कंकाल हो चुके थे ।
आरोपी को जेल भेजा गया
हत्या के आरोप में पकड़े गए रंजीत सिंह उर्फ नाना को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, दोनों नशे की लत में थे और इसी दौरान हुए विवाद में हत्या हुई। पुलिस ने नाना की पत्नी और भतीजे को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया है।