रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ शहर के लोहार टोला स्थित होलिका दहन वाले मैदान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। गुरुवार रात यहां जमीन पर काम कराने की कोशिश विवाद के कारण टालनी पड़ी। यह जमीन लंबे समय से विवादित है और इस पर कई दावेदार अपना अधिकार बताते रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 8 दिसंबर को इस जमीन पर एक नए दावेदार के सामने आने के बाद स्थिति और जटिल हो गई। बताया गया कि नया दावेदार चतरा निवासी है। उस दिन जमीन पर सीमेंट का पिलर आदि गिराए गए थे, जिसके बाद अन्य दावेदारों ने विरोध किया और मौके पर पुलिस व अंचलाधिकारी पहुंचे थे। अंचलाधिकारी ने सभी पक्षों को कागजात के साथ कार्यालय बुलाया था, जहां सभी ने अपने-अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए थे।
हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर क्या निर्णय लिया गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका। इसी बीच गुरुवार की रात करीब 10 बजे एक पक्ष दर्जनों ट्रैक्टर और एक जेसीबी के साथ जमीन पर पहुंच गया और कूड़ा हटाने का काम भी शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही अन्य पक्ष भी मौके पर पहुंच गए और जमकर विरोध किया। देखते-ही-देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई।
विवाद बढ़ता देख काम रुकवा दिया गया और देर रात ट्रैक्टर व जेसीबी को वापस लौटना पड़ा। आज दिन में जमीं में कोई कार्य नहीं हुआ । चर्चा है कि इस बार कुछ दावेदार चुप हैं और संभवतः उन्हें अपने पक्ष में किया गया है। शहर में यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस बार जमीन की घेराबंदी कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है तथा इस बार जमीं की घेराबंदी अवयश्य हो जाएगी । हालांकि अंतिम निर्णय क्या होगा, यह देखने वाली बात होगी।