राजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा के सांडी स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित आजसू पार्टी की दो दिवसीय झारखंड प्रदेश स्तरीय प्रखंड अध्यक्ष कार्यशाला का समापन रविवार को हुआ। कार्यशाला में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, ग्राम स्तर तक पुनर्गठन करने और जनमुद्दों पर प्रभावी संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। इसमें राज्य भर के जिला, प्रखंड और नगर समितियों के अध्यक्ष एवं प्रभारी शामिल हुए।
समापन सत्र की शुरुआत पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो द्वारा पार्टी का झंडा फहराने और शहीद बेदी पर पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर सत्र का शुभारंभ किया गया। श्री महतो ने कहा कि 57 विधायकों वाली सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है। ऐसे में आजसू कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे संगठन की धार को और तेज करें तथा राज्य को सशक्त और ईमानदार नेतृत्व देने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय हों।
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाएं और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं। पूर्व मंत्री एवं प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, मांडू विधायक निर्मल महतो समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती और जनहित मुद्दों पर सक्रिय रहने का संदेश दिया।
कार्यशाला को पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, हरेलाल महतो, दीपक महतो, बसंत महतो, जिप अध्यक्ष सुधा देवी आदि ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी ने दिया।
कार्यशाला को सफल बनाने में आजसू के वरिष्ठ नेता अमृतलाल मुंडा, इंतेखाब आलम, दिवाकर नायक, भानुप्रकाश महतो, अशोक राम बेदिया, टुशील देवी, रजनी राज, रेखा देवी, प्रियंका देवी, मलेश्वर नायक, विक्की चौधरी आदि का सराहनीय योगदान रहा। राज्य के विभिन्न जिलों से आए जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रखंड अध्यक्ष और प्रखंड प्रभारी इस कार्यशाला में शामिल हुए।