रांची, झारखंड : राज्य में पिछले तीन दिनों से चल रही कड़ाके की ठंड के बीच धुंध और घने कोहरे ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी शीतलहर का अहसास हो रहा है। लोहरदगा का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि सात जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से भी नीचे चला गया है। इस बीच 15 जिलों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी मात्र 50 से 200 मीटर तक सिमट गई है। ऐसे हालात में घर से बाहर निकलते समय और वाहन चलाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
कांके में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री
रांची के कांके क्षेत्र में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की औसत गति 2.4 किमी प्रतिघंटा रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक रमेश कुमार ने बताया कि शीतलहर के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है।
अगले तीन दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण रातें और ज्यादा ठंडी रहेंगी। कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है। हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्का सुधार दर्ज किया गया है। लोहरदगा के बाद गुमला में 5.2 डिग्री, जबकि रांची, हजारीबाग, खूंटी और लातेहार में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।