
पतरातू डैम के किनारे जुटे लोग

रामगढ़ कैंट, झारखंड : नववर्ष 2026 के पहले दिन गुरुवार को पूरे रामगढ़ जिला (झारखंड) में लोगों ने हर्षोल्लास के साथ नए साल का स्वागत किया। जिले के धार्मिक स्थलों, पतरातू डैम परिसर और विभिन्न पार्कों में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर नए वर्ष के मंगलमय होने की कामना की।
रजरप्पा मंदिर में माता छिन्नमस्तिका की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। यहां झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं भरेचनगर स्थित टूटी झरना, रामगढ़ के माता वैष्णो देवी मंदिर, बाबा श्याम मंदिर, बंजारी क्षेत्र स्थित वनदुर्गा मंदिर और कुजू क्षेत्र के चरण पहाड़ी मंदिर में भी भारी भीड़ देखी गई।
