संगठन में ही समाज की ताकत, एकजुट होकर आगे बढ़ें : आशीष झा
वनभोज में जुटे सुवर्ण बनिक समाज के लोग
रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा प्रोजेक्ट क्षेत्र अंतर्गत वामनधारा नदी तट पर रविवार को सुवर्ण वणिक समाज चितरपुर की ओर से वनभोज सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों महिला एवं पुरुष सदस्यों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीसीएल रजरप्पा के सीएसआर पदाधिकारी आशीष झा थे, जिन्होंने विधिवत दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी संगठित शक्ति होती है। एकजुट समाज ही शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने आपसी सहयोग, सकारात्मक सोच और भाईचारे को समाज की प्रगति का आधार बताया।
आयोजन के दौरान समाज के सदस्यों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। महिला एवं युवाओं ने नृत्य और गीतों से माहौल को जीवंत बना दिया, जबकि हास्य-व्यंग्य और चुटकुलों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी केवल विजय द्वारा प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने अपने परिजनों और मित्रों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर आयोजन की यादें संजोईं। कार्यक्रम का संचालन समाज के सह सचिव ज्ञान चंद्र पोद्दार ने किया।
इस अवसर पर संरक्षक सह पूर्व मुखिया दिलीप साव, अध्यक्ष गौतम चंद्र पोद्दार, सचिव अमित पोद्दार, कोषाध्यक्ष श्रीकांत कुमार पोद्दार सहित समाज के कई वरिष्ठ सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।