भुरकुंडा सयाल-जमुरिया बाजार में सरेशाम सीसीएल कर्मी को गोली मरी गई, हालत गंभीर

Spread the love

घटना स्थ्ल का निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी

भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड  :  रामगढ़ जिला के भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत उरीमारी स्थित सयाल-जमुरिया बाजार में शनिवार सरेआम फायरिंग की घटना सामने आई है। बाइक सवार अपराधियों ने सेंट्रल  कलफ़ील्ड्स  लिमिटेड (सीसीएल) में कार्यरत बिहारी राम को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब सवा सात से आठ बजे के बीच उस समय हुई, जब बिहारी राम अपनी बाइक के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने पीछे से फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ/कमर के हिस्से में लगी। गोली चलने के बाद वे किसी तरह बाइक स्टार्ट कर आगे बढ़े, लेकिन कुछ दूरी पर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल को पहले भुरकुंडा स्थित सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना सयाल जमुरिया बाजार (उरीमारी क्षेत्र) की है, जो रामगढ़ जिला, झारखंड में पड़ता है। गोलीबारी के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल बिहारी राम बरकाकाना स्थित सीसीएल वर्कशॉप में कार्यरत हैं और उरीमारी क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं।

पारिवारिक पृष्ठभूमि से भी जोड़कर जांच

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना का संबंध किसी पुराने विवाद या आपराधिक मामले से तो नहीं है। बताया गया है कि बिहारी राम के पुत्र शिवराज फिलहाल हजारीबाग जेल में बंद हैं। उन पर उरीमारी क्षेत्र में 31 दिसंबर को हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने का आरोप है, जिसमें दसई मांझी के घर पर गोलीबारी की बात सामने आई थी। उस मामले में पुलिस बिहारी राम से भी पूर्व में पूछताछ कर चुकी है।

इसी कड़ी में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह वारदात आपसी रंजिश या क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गुटों के टकराव से तो जुड़ी नहीं है। सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।