रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त के निर्देश पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ब्यूटीशियन कोर्स का शुभारंभ

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ जिले में उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़ के निर्देश पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में ब्यूटीशियन कोर्स की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो  पतरातू प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार गुप्तातथा गुरु माँ नायक अरुणा किन्नरद्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस पहल के अंतर्गत आरसेटी रामगढ एवं बैंकऑफ़ इंडिया के सहयोग से आरसेटी जिला अंतर्गत पतरातू प्रखंड के सुंदर नगर क्षेत्र में रह रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को 15 दिवसीय ब्यूटीशियन कोर्स का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन में उत्थान  सीबीओ  एवं संस्था की प्रतिनिधि सुनीता कौर का भी योगदान रहा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिभागियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उनकी व्यावसायिक दक्षता विकसित करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। कोर्स के दौरान ब्यूटी एवं ग्रूमिंग से संबंधित व्यावहारिक और सैद्धांतिक दोनों प्रकार की जानकारी दी जाएगी, ताकि प्रतिभागी भविष्य में स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा प्रतिभागियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा आगे भी ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन लगातार किए जाने की बात कही गई है।