जिला कल्याण कार्यालय की योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने का निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : जिला कल्याण कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा को लेकर शनिवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर चौधरी ने उपायुक्त सहित उपस्थित अन्य अधिकारियों को पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने साइकिल वितरण योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, अत्याचार अधिनियम से संबंधित मामलों, कब्रिस्तान घेराबंदी योजना तथा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।