रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के रांची रोड स्थित व्यस्त इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रांची रोड स्थित निर्माणाधीन नानक एनक्लेव अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। आपार्टमेंट में लगाया गया सेटरिंग पूरी तरह से जल गया । आग लगने से घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि घटना के समय वहां मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है।
अपार्टमेंट के मालिक बलजीत सिंह बेदी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप ले लिया था। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और कुजू पुलिस मौके पर पहुंची और सभी के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।