झारखंड को मिले 15 नए आइएएस अधिकारी, केंद्र सरकार ने दी पदोन्नति

Spread the love

रांची, झारखंड : झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग  ने झारखंड राज्य सिविल सेवा के 15 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) में पदोन्नति दे दी है। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यह चयन सूची वर्ष 2024 के लिए तैयार की गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार जिन अधिकारियों को आईएएस में पदोन्नत किया गया है, उनमें दिलेश्वर महतो, इश्तेयाक अहमद, बिद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, रोबिन टोप्पो, नयनतारा केरकेट्टा, अरुण कुमार सिंह, आलोक शिकारी कच्छप, अनिलसन लकड़ा, नागेंद्र पासवान, सुबोध कुमार, आसिफ एकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली और अर्चना मेहता शामिल हैं।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की अधिसूचना के मुताबिक इन अधिकारियों की नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा (कैडर) नियम, 1954 के तहत झारखंड सरकार से परामर्श के बाद की गई है। चयनित सभी अधिकारियों को झारखंड कैडर में आईएएस के रूप में नियुक्त किया जाएगा और उन्हें अगले आदेश तक प्रोबेशन पर रखा जाएगा।

अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन नियुक्तियों का अंतिम प्रभाव डब्ल्यूपी (एस) संख्या 2565/2024 पर निर्भर करेगा, जिसे राधेश्याम प्रसाद द्वारा दायर किया गया है।

बताया गया है कि आईएएस में पदोन्नत किए गए सभी 15 अधिकारियों को वर्ष 2015 बैच आवंटित किया जाएगा।